असली सोने का झांसा देकर 10 लाख की ठगी, फरार आरोपी गिरफ्तार


गौरेला। गौरेला पुलिस ने असली सोना दिखाकर नकली बिस्किट थमाने वाले अंतरजिला ठग गिरोह के एक फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान तेरसाराम प्रजापति (32 वर्ष), निवासी बोकरामुड़ा के रूप में हुई है, जो लंबे समय से फरार चल रहा था।
पुलिस के अनुसार, यह मामला मुंगेली जिले के तिलकपुर निवासी प्रार्थी उमेंद्र साहू से जुड़ा है। आरोपियों नरेन्द्र साहू, सरोज साहू और तेरसाराम प्रजापति ने मिलकर प्रार्थी को कम कीमत में सोना दिलाने का लालच दिया। विश्वास जीतने के लिए पहले असली सोने का नमूना दिखाया गया, जिससे प्रार्थी उनके झांसे में आ गया।
इसके बाद 5 दिसंबर 2025 को आरोपियों ने प्रार्थी से 10 लाख रुपये लेकर उसे एक किलोग्राम नकली सोने के बिस्किट थमा दिए। बाद में जांच में सोना नकली पाए जाने पर जब प्रार्थी ने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपियों ने उसे धमकाना शुरू कर दिया।
मामले में मुख्य आरोपी नरेन्द्र साहू और सरोज साहू को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। फरार आरोपी तेरसाराम प्रजापति की तलाश के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली, जिसके आधार पर घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया कि तेरसाराम प्रजापति एक शातिर अपराधी है और उसके खिलाफ उदयपुर थाना तथा पसान थाना में भी आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के पास से ठगी की कुछ नकदी भी बरामद की गई है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अत्यधिक लाभ देने वाले किसी भी संदिग्ध सौदे से सावधान रहें। यदि कोई व्यक्ति इस प्रकार का प्रलोभन देता है, तो इसकी सूचना तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!