ऑपरेशन के दौरान आरक्षक की मौत, परिजनों ने अस्पताल पर लगाया लापरवाही का आरोप, हंगामा

शशि मिश्रा


बिलासपुर। नेहरू नगर स्थित श्रीराम केयर अस्पताल में पथरी के इलाज के लिए भर्ती मरीज की ऑपरेशन के दौरान मौत हो जाने से हड़कंप मच गया है। मृतक की पहचान सरकंडा थाना में पदस्थ आरक्षक सत्य कुमार पाटले के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों और सहयोगियों में गहरा आक्रोश व्याप्त है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरक्षक सत्य कुमार पाटले पिछले चार दिनों से पथरी की समस्या के चलते अस्पताल में भर्ती थे। शुक्रवार को उनका ऑपरेशन किया जा रहा था, इसी दौरान उनकी मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवारजन और परिचित अस्पताल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल है।
परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि उपचार में उचित सावधानी नहीं बरती गई, जिसके कारण यह दुखद घटना हुई। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल की लापरवाही ने उनके परिवार का सहारा छीन लिया।
घटना के बाद पुलिस विभाग में भी शोक का माहौल है, क्योंकि मृतक स्वयं विभाग में कार्यरत थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने जांच के निर्देश दिए हैं। वहीं, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
उल्लेखनीय है कि संबंधित अस्पताल पर पूर्व में भी लापरवाही के आरोप लग चुके हैं, जिससे यह मामला और अधिक संवेदनशील हो गया है। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई रिपोर्ट के आधार पर तय की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!