बिलासपुर: अवैध शराब बिक्री पर पुलिस की कार्रवाई, महिला आरोपी गिरफ्तार


बिलासपुर, 27 अप्रैल 2026। बिलासपुर के तारबाहर थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 52 नग देशी शराब बरामद की गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र अनंत के नेतृत्व में टीम गठित कर अवैध शराब कारोबारियों की तलाश की जा रही थी।
इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक महिला अवैध रूप से शराब बिक्री के लिए थैले में शराब लेकर जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दीनदयाल गार्डन के सामने, व्यापार विहार क्षेत्र में घेराबंदी कर महिला को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके पास से लाल रंग के थैले में रखी 52 बोतल देशी शराब (प्रत्येक 180 एमएल) बरामद की गई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान धरमीन यादव (45 वर्ष), निवासी सागर यादव मोहल्ला, थाना सकरी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक रविन्द्र अनंत, प्रधान आरक्षक फूल सिंह बड्डे, सालिक राम कर्ष, आरक्षक नुरूल कादिर, राजेश श्रीवास एवं महिला आरक्षक जीवन्ती भगत की सराहनीय भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!