
बिलासपुर। जिले के पचपेड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चिरदा में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार वर्षीय मासूम की मौत हो गई। तेज रफ्तार हाइवा ने बच्चे को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के बांदा से आया 4 वर्षीय सतीश शुक्ला गर्मी की छुट्टियां मनाने अपने रिश्तेदार के घर चिरदा गांव आया हुआ था। रविवार दोपहर करीब 1:15 बजे वह घर के सामने स्थित दुकान से बिस्किट लेने जा रहा था, तभी 12 चक्का हाइवा (क्रमांक CG 10 BU 8561) ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल चालक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर मस्तूरी और पचपेड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है तथा वाहन को जब्त कर लिया गया है। बताया जा रहा है कि हाइवा वाहन विनय यादव के नाम पर पंजीकृत है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वाहन के पीछे आपत्तिजनक और आक्रामक संदेश “दबदबा हे तोर भाई के” लिखा हुआ था, जो घटना के बाद चर्चा का विषय बना रहा।
परिवार पर दुखों का पहाड़
मृतक के परिजनों ने बताया कि करीब डेढ़ वर्ष पूर्व भी उनकी भांजी की सड़क दुर्घटना में मौत हो चुकी है। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से परिवार गहरे सदमे में है।
रेत परिवहन से बढ़ रहा खतरा
ग्रामीणों का आरोप है कि शिवनाथ नदी से रेत परिवहन इसी मार्ग से किया जाता है, जहां रोजाना बड़ी संख्या में ट्रैक्टर और हाइवा वाहन गुजरते हैं। इसके बावजूद न तो गति नियंत्रण के उपाय किए गए हैं और न ही सख्त जांच की जाती है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ रहा है।
पुलिस ने मामले में आगे की जांच शुरू कर दी है और स्थानीय प्रशासन से सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त कदम उठाने की मांग तेज हो गई है।
