
बिलासपुर। शासकीय हाई स्कूल बिरकोना में अज्ञात चोरों ने स्कूल भवन में घुसकर 11 पंखों की चोरी कर ली। घटना की शिकायत प्रभारी प्राचार्य प्रमिला खाखा ने पुलिस थाने में दर्ज कराई है।
प्राचार्य के अनुसार 8 जून को स्कूल बंद कर स्टाफ के साथ मुख्य गेट पर ताला लगाकर घर चली गई थीं। 10 जून की सुबह जब सफाई कर्मचारी शीला ठाकुर स्कूल पहुंची और मुख्य दरवाजा खोला, तब चोरी का खुलासा हुआ। जांच के दौरान बरामदे में मीटर के पास सप्लाई ग्रिप निकला हुआ मिला।
चोरों ने पहली मंजिल स्थित संकुल कार्यालय तथा भूतल पर कक्षा 9वीं और 10वीं के कमरों का ताला तोड़कर वहां लगे 11 पंखे चोरी कर लिए। चोरी गए पंखों की अनुमानित कीमत करीब 11 हजार रुपये बताई गई है।
प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि चोर स्कूल की छत के रास्ते अंदर घुसे थे और 8 से 10 जून के बीच वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
