ट्रेनों में जेवर चोरी करने वाले महाराष्ट्र के महिला गिरोह की चार सदस्य गिरफ्तार

बिलासपुर। ट्रेनों में महिला यात्रियों को निशाना बनाकर जेवरात चोरी करने वाले महाराष्ट्र के एक संगठित महिला गिरोह की चार सक्रिय सदस्यों को जीआरपी ने गिरफ्तार किया है। अदालत ने चारों आरोपियों को पूछताछ के लिए 24 जून तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।

मामला जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र निवासी दिनेश कुमार पंकज की शिकायत से जुड़ा है। उनकी पत्नी का बैग ज्ञानेश्वरी सुपर डीलक्स एक्सप्रेस में बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर चोरी हो गया था। जांच के दौरान पुलिस को गिरोह के महाराष्ट्र से जुड़े होने की जानकारी मिली।

गुरुवार को रेलवे स्टेशन पर चेकिंग के दौरान चार महिलाएं संदिग्ध हालत में घूमती मिलीं। पुलिस को देखकर वे छिपने का प्रयास करने लगीं। पूछताछ में उनकी पहचान पूनम विनेश मानकर (43), अरुणा विठ्ठल उड़के (60), अनीता मंगल सिंह (46) और चैत्रा लोढे (59) के रूप में हुई। सभी आरोपी नागपुर के अंजनी थाना क्षेत्र की निवासी हैं।

हालांकि आरोपियों के पास से चोरी के जेवर बरामद नहीं हुए, लेकिन चोरी का सामान बेचकर बांटी गई रकम में से 24 हजार रुपये जब्त किए गए हैं। जीआरपी गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी के माल की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!