कुटेला डैम में फोटो खींचने को लेकर विवाद, युवक से मारपीट

बिलासपुर। मल्हार थाना क्षेत्र के कुटेला डैम में फोटो खींचने को लेकर हुए विवाद में सरपंच के पिता द्वारा एक युवक की पिटाई करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार ग्राम खरकेना निवासी पवन बघेल मंगलवार शाम अपने दोस्तों विक्की, निखिल मानिकपुरी और निखिल डहरिया के साथ कुटेला डैम घूमने गया था। इस दौरान सभी दोस्त डैम के पास फोटो खींच रहे थे।

आरोप है कि उसी समय कुटेला सरपंच के पिता विश्राम कुरें वहां पहुंचे और युवकों को फोटो खींचने से मना करने लगे। पवन द्वारा कारण पूछने पर आरोपी नाराज हो गया और कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।

पीड़ित के अनुसार आरोपी ने लात-घूंसों से मारपीट की तथा हाथ में पहने भारी चूड़े से हमला कर दिया। हमले में पवन के सिर और पीठ पर चोटें आईं। दोस्तों के हस्तक्षेप के बाद आरोपी मौके से चला गया।

घटना के बाद पीड़ित ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!