

बिलासपुर। Guru Ghasidas Central University (सीयू) में भगवान श्रीराम, परशुराम और B. R. Ambedkar को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी का मामला सामने आने के बाद विवाद गहरा गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार छात्रों को हॉस्टल से निष्कासित कर दिया है, साथ ही Koni Police Station में एफआईआर भी दर्ज कराई गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्वामी विवेकानंद हॉस्टल में रहने वाले लॉ विभाग के आठवें सेमेस्टर के छात्रों द्वारा एक व्हाट्सएप ग्रुप में आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं, जिसका स्क्रीनशॉट शुक्रवार रात वायरल हो गया। सूचना मिलते ही देर रात करीब 12 बजे सुरक्षा अधिकारी रमाकांत तिवारी, प्राक्टर और चीफ वार्डन मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
प्रारंभिक जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर प्रशासन ने पहले दो छात्रों को हॉस्टल से बाहर किया, लेकिन मामले के तूल पकड़ने और विरोध बढ़ने पर दो अन्य छात्रों पर भी कार्रवाई करते हुए उन्हें भी निष्कासित कर दिया गया। इस प्रकरण में लॉ विभाग के छात्र तूफान, कौस्तुभ, प्रियांशु और अजीत के नाम सामने आए हैं।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी संबंधित छात्रों के खिलाफ कोनी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। इधर, शनिवार सुबह से ही परिसर में छात्रों के बीच आक्रोश का माहौल बना रहा। Akhil Bharatiya Vidyarthi Parishad (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं ने कुलसचिव प्रो. ए.के. दीक्षित को ज्ञापन सौंपकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। वही बजरंग दल ने भी इसे लेकर विश्वविद्यालय प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन किया।

ज्ञापन सौंपने वालों में एबीवीपी सीयू इकाई के उपाध्यक्ष हिमांशु शेखर प्रधान, मंत्री प्रसून पाठक, सह मंत्री शाश्वत शुक्ल, पीयूष तिवारी, राहुल चौहान, नवीन राव और आयुष्मान सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।
सीयू के मीडिया सेल प्रभारी डॉ. मनीष श्रीवास्तव ने बताया कि संबंधित छात्रों ने हॉस्टल में अनुशासनहीनता की है, जिसके चलते उन्हें बाहर किया गया है। मामले की निष्पक्ष जांच के लिए एक समिति गठित कर दी गई है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

