
शशि मिश्रा


बिलासपुर। कोटा के सरगोड़ और गौरखुरी में दोपहर को अचानक एक तेंदुए दिखाई दिया, जिसे देखने के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल हो गया है। वहीं सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम ने गांव में मुनादी कराने के साथ सभी स्टाफ को अलर्ट रहने का आदेश जारी कर दिया है।
जानकारी के अनुसार बिलासपुर वन मंडल के कोटा वन परिक्षेत्र के अंतर्गत कोटा विकासखंड के सुदुरवर्ती सरगोड़ और गौरखुरी के बीच शुक्रवार की दोपहर एक बजे एक व्यस्क तेंदुआ दिखाई दिया। तेंदुआ जिस ओर दिखाई दिया था, वहां कुछ कंस्ट्रक्शन का कार्य किया जा रहा है। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने पेड़ के नीचे आराम करते हुए तेंदुए को देखा और दूर से अपने मोबाइल से उसकी फोटो भी ले ली। तेंदुए को अचानक देखने के बाद लोगों ने इसकी जानकारी वन विभाग की टीम को दी। सूचना मिलते ही बिलासपुर वन मंडल के वन मंडलाधिकारी नीरज कुमार के आदेश पर कोटा वन परिक्षेत्र के उप वनमंडलाधिकारी अनिल भास्करन ने गांव में मुनादी कराने के साथ टीम को अलर्ट कर दिया है, ताकि किसी तरह की घटना न हो सके। एसडीओ अनिल भास्करन ने बताया कि सोशल मीडिया के जरिए तेंदुए के होने की जानकारी मिली थी, लेकिन अब तक इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। लोगों ने भी तेंदुए को देखने की जानकारी दी है, जिसके बाद तेंदुएकी खोजबीन भी शुरु कर दी गई है।
