

बिलासपुर, 24 अप्रैल 2026।
शहर के व्यापार विहार क्षेत्र में बुधवार तड़के एक तीन मंजिला गोदाम में भीषण आग लगने से भारी नुकसान हुआ। पान मसाला, सिगरेट और माचिस जैसे ज्वलनशील सामान से भरे इस गोदाम में लगी आग को बुझाने में दमकल विभाग को करीब आठ घंटे तक संघर्ष करना पड़ा। प्रारंभिक आकलन के अनुसार, लगभग 1 करोड़ रुपये का माल जलकर खाक हो गया, जबकि करीब डेढ़ करोड़ रुपये का स्टॉक पानी से भीगकर नष्ट हो गया है।
खिड़की-वेंटिलेशन नहीं, दीवार तोड़कर पहुंची दमकल टीम
जानकारी के अनुसार, रिंग रोड-2 स्थित गोदाम से बुधवार सुबह करीब 3 बजे धुआं उठता देख स्थानीय लोगों ने पुलिस और गोदाम मालिक को सूचना दी। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन तीन मंजिला इमारत में खिड़की या रोशनदान नहीं होने से धुआं और गर्मी बाहर नहीं निकल पा रही थी।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जेसीबी की मदद से दीवार तोड़ी गई, जिसके बाद अंदर पहुंचकर आग पर काबू पाया जा सका। इस पूरी कार्रवाई में तीन दमकल गाड़ियों को लगाया गया और टीम दोपहर करीब 2 बजे तक मौके पर डटी रही।
ढाई करोड़ से अधिक का कुल नुकसान
आग की इस घटना में कुल नुकसान ढाई करोड़ रुपये से अधिक आंका जा रहा है। जहां एक ओर बड़ी मात्रा में सामान आग में जल गया, वहीं आग बुझाने के दौरान पानी के कारण शेष स्टॉक भी खराब हो गया। हालांकि, गोदाम संचालकों का कहना है कि अंतिम नुकसान का आंकलन स्टॉक की पूरी जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।
फायर सेफ्टी में गंभीर लापरवाही उजागर
जांच के दौरान सामने आया है कि गोदाम में ज्वलनशील सामग्री का भारी भंडारण होने के बावजूद फायर सेफ्टी के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे। यहां तक कि फायर एक्सटिंग्विशर तक उपलब्ध नहीं था। कमांडेंट दीपांकुर नाथ के अनुसार, यह गंभीर लापरवाही आग के तेजी से फैलने का प्रमुख कारण बनी। फिलहाल गोदाम संचालक को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।
निर्माण भी नियमों के विपरीत
प्राथमिक जांच में यह भी सामने आया है कि गोदाम जिस भवन में संचालित हो रहा था, उसका निर्माण निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं था। टाउन एंड कंट्री प्लानिंग के प्रावधानों के अनुसार जहां 80 प्रतिशत क्षेत्र में निर्माण की अनुमति थी, वहां पूरे भूखंड पर निर्माण किया गया था।
शॉर्ट सर्किट की आशंका, रिपोर्ट दर्ज नहीं
आग लगने का कारण प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। तारबाहर थाना प्रभारी रविंद्र अनंत के अनुसार, घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी, लेकिन गुरुवार शाम तक इस मामले में कोई औपचारिक रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है।
अशोक नगर में भी आग, दुकान-गोदाम जलकर खाक
इसी दिन देर रात सरकंडा के अशोक नगर क्षेत्र में एक अन्य आगजनी की घटना सामने आई। यहां मीरा गुप्ता की दुकान और गोदाम में आग लगने से अंदर रखा सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
दोनों घटनाओं ने शहर में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था और नियमों के पालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
