तिफरा अभिलाषा परिसर हादसा: युवती का बयान आया सामने, ‘आत्महत्या नहीं, युवक को बचाने के प्रयास में हुआ हादसा’

बिलासपुर, 24 अप्रैल 2026।

तिफरा स्थित अभिलाषा परिसर में मंगलवार रात हुई दर्दनाक घटना ने 24 घंटे के भीतर नया मोड़ ले लिया है। प्रारंभिक जांच में जिसे आत्महत्या का प्रयास माना जा रहा था, वह अब एक हादसा बताया जा रहा है। घायल युवती के होश में आने के बाद दिए गए बयान ने पूरे घटनाक्रम की दिशा बदल दी है।

पुलिस के अनुसार, बुधवार को अस्पताल के आईसीयू में होश आने पर युवती गरिमा सिंह का बयान दर्ज किया गया। उसने स्पष्ट किया कि घटना आत्महत्या नहीं, बल्कि एक दुर्घटना थी। गरिमा ने बताया कि वह और चिरंजीव उर्फ चिंटू पांडेय अभिलाषा परिसर के ब्लॉक नंबर 34 की छत पर बैठकर बातचीत कर रहे थे। इस दौरान चिरंजीव नशे की हालत में था और छत की दीवार (रेलिंग) पर बैठकर शराब पी रहा था।
गरिमा के मुताबिक, अचानक नशे के कारण चिरंजीव का संतुलन बिगड़ा और वह पीछे की ओर गिरने लगा। उसे बचाने के प्रयास में उसने उसका हाथ पकड़ लिया, लेकिन चिरंजीव का वजन संभाल नहीं पाई और दोनों तीन मंजिला इमारत से नीचे गिर गए।

युवक की मौत, युवती गंभीर रूप से घायल

इस हादसे में चिरंजीव पांडेय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गरिमा गंभीर रूप से घायल हो गई। डॉक्टरों के अनुसार, गरिमा की रीढ़ और कमर की हड्डी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। चिकित्सकों ने आशंका जताई है कि वह भविष्य में संभवतः अपने पैरों पर चल नहीं पाएगी।

तीन साल से थे रिश्ते में

पुलिस जांच में सामने आया है कि गरिमा सिंह और चिरंजीव पांडेय पिछले करीब तीन वर्षों से प्रेम संबंध में थे। चिरंजीव चोला मंडलम में कार्यरत था और साथ ही जोमैटो फूड डिलीवरी का काम भी करता था, जबकि गरिमा शादी डॉट कॉम में कार्यरत थी। चिरंजीव पूर्व में अभिलाषा परिसर में ही रहता था, जिससे उसका वहां आना-जाना बना रहता था।

घटना वाली रात चिरंजीव अपने दोस्तों के साथ पार्टी कर रहा था। बाद में गरिमा का फोन आने पर दोनों परिसर पहुंचे, जहां उन्होंने साथ समय बिताया। पुलिस के अनुसार दोनों ने शराब पी, खाना खाया और इंटिमेट भी हुए । इसी दौरान तड़के यह हादसा हो गया।

पुलिस कर रही हर पहलू की जांच

सिरगिट्टी थाना प्रभारी किशोर केंवट ने बताया कि युवती का बयान दर्ज कर लिया गया है और उसने साफ तौर पर इसे हादसा बताया है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की सूक्ष्मता से जांच कर रही है, ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने लाई जा सके।

इस घटना ने एक बार फिर नशे की हालत में असावधानी और उसके गंभीर परिणामों को उजागर किया है, जिससे एक युवक की जान चली गई और एक युवती का भविष्य संकट में पड़ गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!