

बिलासपुर, 24 अप्रैल 2026।
जिले के कोटा थाना क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में एक पुरुष और एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। दोनों मामलों में कुल 230 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत 46 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, “चेतना विरुद्ध नशा” एवं “प्रहार” अभियान के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अवैध शराब बिक्री के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 22 अप्रैल को मुखबिर से मिली सूचनाओं के आधार पर कोटा पुलिस ने दो स्थानों पर छापेमार कार्रवाई की।

पहली कार्रवाई ग्राम कपसियां कला में की गई, जहां आरोपी धनी राम कुर्रे (35 वर्ष) को अवैध महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 165 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई, जिसकी कीमत लगभग 33 हजार रुपये आंकी गई है। शराब प्लास्टिक जरीकेन और पाउच में भरी हुई थी।
दूसरी कार्रवाई ग्राम लमकेना में की गई, जहां पुलिस ने श्रीमती रामशिला महादेवा (48 वर्ष) को गिरफ्तार किया। आरोपी महिला के पास से 65 लीटर महुआ शराब जब्त की गई, जिसकी कीमत लगभग 13 हजार रुपये बताई गई है।
दोनों आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अवैध शराब के माध्यम से धनार्जन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नरेश चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम के सदस्यों—प्रधान आरक्षक गजेंद्र सिंह, आरक्षक धर्मेंद्र साहू, दीप सिंह कंवर, संजय श्याम, राकेश महिलांगे सहित अन्य कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
