रायपुर-बिलासपुर मार्ग पर पथराव से दहशत, मेटाडोर चालक की मौत, तीन वाहनों को बनाया निशाना, ट्रक घर में घुसा, स्कार्पियो पलटी; लूट की नीयत से वारदात की आशंका


बिलासपुर। रायपुर-बिलासपुर मार्ग पर ग्राम झाल के पास सोमवार देर रात अज्ञात बदमाशों ने जमकर उत्पात मचाया। चलती गाड़ियों पर ईंट-पत्थरों से हमला कर तीन वाहनों को निशाना बनाया गया। इस दौरान मेटाडोर चालक की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
पुलिस के अनुसार, बदमाशों ने रात करीब 12:30 बजे वारदात को अंजाम दिया। पहली घटना में लोरमी निवासी जगदीश भोंसले अपनी मेटाडोर में बारात लेकर बेलटुकरी गांव गए थे। वापसी के दौरान बदमाशों ने उनकी गाड़ी पर पथराव कर दिया, जिससे उनके सिर पर गंभीर चोट आई। उन्हें तत्काल सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
इसी दौरान अंबुजा सीमेंट फैक्ट्री से लोड होकर चकरभाठा की ओर जा रहे ट्रक (सीजी 07 सीबी 0655) पर भी हमला किया गया। पत्थर सीधे चालक सोनू सरोज के सिर पर लगा, जिससे वह नियंत्रण खो बैठा और ट्रक सड़क किनारे एक निर्माणाधीन मकान में जा घुसा।
घटना स्थल से करीब ढाई किलोमीटर दूर बदमाशों ने एक स्कार्पियो वाहन पर भी पथराव किया। अचानक हुए हमले से चालक का संतुलन बिगड़ गया और वाहन सड़क पर पलट गया, जिससे स्कार्पियो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इस घटना में भी वाहन सवारों को चोटें आई हैं।
लूटपाट की नीयत से वारदात की आशंका
सूचना मिलते ही बिल्हा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। थाना प्रभारी तोप सिंह नवरंग के अनुसार प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि बदमाशों ने लूटपाट की नीयत से वाहनों को रोकने के लिए पथराव किया। पहले अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया था, लेकिन चालक की मौत के बाद अब प्रकरण में हत्या की धारा जोड़ी जा रही है।
पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में सर्च अभियान शुरू कर दिया है और आरोपियों की तलाश जारी है।
पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं
बिलासपुर और आसपास के क्षेत्रों में पथराव की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। 23 मई 2024 को सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के सिलपहरी के पास कार सवारों पर पथराव में जांजगीर-चांपा के पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राम चंद्राकर गंभीर रूप से घायल हुए थे, जिनकी बाद में मौत हो गई थी।
इसके अलावा 11 जून 2025 को तिफरा ओवरब्रिज पर चलती कार पर पत्थर फेंके जाने से अशोक नगर निवासी एक महिला घायल हुई थीं। 2 जनवरी 2023 को सरकंडा क्षेत्र में पिकनिक से लौट रही बस पर पथराव में एक तीन वर्षीय बच्ची घायल हुई थी। हाल ही में 31 मार्च 2026 को कोटा-रतनपुर मार्ग पर भी इसी तरह की घटना सामने आई थी।
इतना ही नहीं, करीब 21 दिन पहले बिलासपुर से नई दिल्ली जा रही राजधानी एक्सप्रेस पर भी खुर्सीपार के पास पथराव किया गया था।
लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस से सख्त कार्रवाई और रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!