5 साल का इंतजार खत्म: बिलासपुर से दिल्ली के लिए सीधी उड़ान 3 मई से, रविवार को मिलेगी सेवा, नाइट लैंडिंग शुरू होने से यात्रियों को बड़ी राहत


बिलासपुर। लंबे इंतजार के बाद शहर को हवाई कनेक्टिविटी के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिलने जा रही है। बिलासा देवी केंवट एयरपोर्ट से 3 मई से दिल्ली के लिए सीधी उड़ान सेवा शुरू होगी। एलायंस एयर द्वारा संचालित यह फ्लाइट प्रत्येक रविवार को उपलब्ध रहेगी, जिससे यात्रियों को अब राजधानी तक सीधा और तेज सफर मिल सकेगा।
नए शेड्यूल के अनुसार विमान शाम 6:20 बजे बिलासपुर पहुंचेगा और 6:45 बजे दिल्ली के लिए रवाना होगा। यह उड़ान लगभग 2 घंटे 40 मिनट में रात 9:25 बजे दिल्ली पहुंचेगी। शाम के समय उड़ान संचालन से यात्रियों को दिनभर के कार्य निपटाने के बाद यात्रा करने की सुविधा मिलेगी, जो विशेष रूप से व्यावसायिक और शासकीय कार्यों के लिए फायदेमंद साबित होगी।
नाइट लैंडिंग से बढ़ी सुविधा
गौरतलब है कि 6 फरवरी 2026 को एयरपोर्ट को नाइट लैंडिंग की अनुमति मिल चुकी है। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने एयरपोर्ट को वीएफआर से अपग्रेड कर आईएफआर श्रेणी का लाइसेंस प्रदान किया है। इसके बाद पहली बार समर शेड्यूल में रात के समय उड़ान संचालन संभव हो पाया है।
शाम के समय उड़ान होने से “लोड पेनल्टी” की समस्या भी नहीं रहेगी, यानी अधिक तापमान के कारण विमान के वजन पर लगने वाली सीमा से राहत मिलेगी। इससे विमान अपनी पूरी क्षमता के साथ उड़ान भर सकेगा और अधिक यात्रियों को सीट उपलब्ध हो सकेगी।
रनवे विस्तार की दिशा में पहल
इधर, एयरपोर्ट के रनवे विस्तार की दिशा में भी प्रक्रिया तेज हो गई है। वर्तमान में 1490 मीटर लंबा रनवे 4C श्रेणी के मानकों से काफी कम है। विशेषज्ञों के अनुसार, 4C श्रेणी के लिए कम से कम 2200 मीटर रनवे आवश्यक होता है, जबकि भविष्य को ध्यान में रखते हुए इसे 2800 मीटर तक विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है।
प्रारंभिक चरण में 400 से 450 मीटर विस्तार भी एयरपोर्ट की संचालन क्षमता में बड़ा सुधार ला सकता है, जिससे बड़े विमान जैसे बम्बार्डियर Q-400 और एम्ब्रेयर की लैंडिंग संभव हो सकेगी। वर्तमान में एयरपोर्ट 3C श्रेणी के मानकों को भी पूरी तरह पूरा नहीं कर पा रहा है।
शासन को भेजा गया प्रस्ताव
एयरपोर्ट विस्तार के लिए राज्य शासन को प्रस्ताव भेजा जा चुका है। नोडल अधिकारी संदीप अग्रवाल के अनुसार, शासन से निर्देश मिलते ही निर्माण कार्य का एस्टीमेट तैयार कर आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। हालांकि, टेंडर और अन्य औपचारिकताओं के चलते कार्य प्रारंभ होने में करीब छह माह का समय लग सकता है, जबकि पूरा प्रोजेक्ट 2 से 3 वर्षों में पूरा होने की संभावना है।
तकनीकी चुनौतियां भी सामने
रनवे विस्तार में कुछ तकनीकी बाधाएं भी हैं। एयरपोर्ट के एक ओर रेलवे क्रॉसिंग और एनटीपीसी की चिमनी होने से विस्तार सीमित है, जबकि दूसरी ओर तेलसरा गांव की दिशा में लगभग 500 मीटर जमीन उपलब्ध बताई जा रही है।
सप्ताह में दो दिन उड़ान की मांग
हवाई सुविधा जनसंघर्ष समिति ने सप्ताह में दो दिन दिल्ली के लिए सीधी उड़ान संचालित करने की मांग की है। समिति के सुदीप श्रीवास्तव का कहना है कि जगदलपुर और अंबिकापुर की तुलना में बिलासपुर का रनवे अभी छोटा है, लेकिन विस्तार के बाद यहां बड़े विमानों का संचालन संभव हो सकेगा।
100 करोड़ से अधिक का निवेश
एयरपोर्ट के विकास पर अब तक 100 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जा चुके हैं। इसमें मार्च 2024 तक करीब 52 करोड़ रुपये का भुगतान शामिल है।
नई उड़ान सेवा और प्रस्तावित विस्तार के साथ बिलासपुर एयरपोर्ट के क्षेत्रीय हवाई नेटवर्क में महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में उभरने की संभावना बढ़ गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!