
Shashi mishra

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार प्रदेश के नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए नई पहल करने जा रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राज्य में जल्द ही सीएम हेल्पलाइन नंबर शुरू करने की घोषणा की है। यह हेल्पलाइन 24 घंटे सक्रिय रहेगी, जिससे नागरिक किसी भी समय अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे।
सरकार की इस नई व्यवस्था के तहत एक टोल-फ्री नंबर जारी किया जाएगा, जिस पर कॉल कर लोग अपनी समस्याएं सीधे सरकार तक पहुंचा सकेंगे। हेल्पलाइन में तैनात कर्मचारी शिकायतों को दर्ज कर संबंधित विभागों तक तत्काल भेजेंगे, जिससे कार्रवाई की प्रक्रिया में तेजी आएगी।
इस पहल की सबसे अहम विशेषता यह होगी कि प्रत्येक शिकायत के निपटारे के लिए समय-सीमा निर्धारित की जाएगी। तय अवधि के भीतर संबंधित अधिकारियों को शिकायत का समाधान करना अनिवार्य होगा।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित समय में शिकायतों का निराकरण नहीं किया गया तो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता आम नागरिकों को त्वरित और प्रभावी सेवा उपलब्ध कराना है।
सरकार का मानना है कि इस हेल्पलाइन के शुरू होने से प्रशासनिक जवाबदेही बढ़ेगी और जनता की समस्याओं का समाधान अधिक पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से हो सकेगा।
