बिलासपुर सबसे गर्म, तापमान सामान्य से 2.2 डिग्री अधिक,आने वाले दिनों में हीट वेव की चेतावनी, स्टेशन पर मिस्टिंग सिस्टम से राहत


बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में गर्मी ने तेज रफ्तार पकड़ ली है और मंगलवार को बिलासपुर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा। यहां अधिकतम तापमान 43.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.2 डिग्री अधिक है। तेज धूप और लू जैसे हालात के चलते जनजीवन प्रभावित होने लगा है।
मौसम में बढ़ती तपिश का असर रात के तापमान पर भी देखने को मिल रहा है। शहर का न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.4 डिग्री अधिक है। इससे रात में भी उमस और गर्मी बनी रही, जिससे लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है।
हालांकि प्रदेश के कुछ हिस्सों में पिछले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, लेकिन बिलासपुर में इसका खास असर नहीं दिखा और गर्मी का प्रकोप बना रहा।
मौसम विभाग ने आगामी दिनों को लेकर चेतावनी जारी की है। 22 अप्रैल से अगले चार दिनों तक मध्य छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में हीट वेव चलने की आशंका जताई गई है। ऐसे में लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक बाहर न निकलने और सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
स्टेशन पर राहत की व्यवस्था
भीषण गर्मी के बीच रेलवे प्रशासन ने यात्रियों को राहत देने के लिए पहल की है। बिलासपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर मिस्टिंग सिस्टम शुरू किया गया है। सीनियर डीसीएम अनुराग कुमार सिंह के निर्देश पर मरम्मत के बाद इस व्यवस्था को पुनः चालू किया गया।
मिस्टिंग सिस्टम के जरिए पानी की हल्की फुहारें छोड़ी जा रही हैं, जिससे प्लेटफार्म का तापमान कम हो रहा है और यात्रियों को गर्मी से राहत मिल रही है। यात्रियों ने इस पहल की सराहना की है, खासकर दोपहर के समय इसका अधिक लाभ मिल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!