
शशि मिश्रा
बिलासपुर। शापिंग करने जा रही महिला डाक्टर की कार को टक्कर मारकर स्कूटी सवार युवती घायल हो गई। घायल युवती को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं टक्कर लगने से कार क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने युवती के खिलाफ जुर्म दर्ज कर लिया है। सिविल लाइन पुलिस के अनुसार, अग्रसेन चौक जयपाल टावर निवासी डा. सुधा राम पिता रधु राम किम्स हास्पिटल में डाक्टर है। 20 अप्रैल की शाम 7 बजे वह अपनी कार क्रमांक एनटी 02 बीएल, 5468 से अपनी छोटी बच्ची को साथ लेकर नेहरू नगर होते हुए 36 सिटी मॉल जा रही थी। सांई मंदिर के पास सामने से आ रही स्कूटी क्रमांक सीजी 10 एजे, 4218 की चालक ने लापरवाही पूर्वक चलाते हुए उनकी कार को टक्कर दी। इसमें स्कूटी सवार युवती को चोट आई है। परिजन के द्वारा घायल युवती को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं स्कूटी की टक्कर से उनकी कार क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने महिला डाक्टर की रिपोर्ट पर स्कूटी चालक युवती के खिलाफ बीएनएस की धारा 184, 281 के तहत जुर्म दर्ज कर लिया है।
