

बिलासपुर। ई-रिक्शा चलाने के विवाद को लेकर गाली-गलौच, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में तोरवा पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 17 अप्रैल 2026 को मोहित प्रसाद गौतम ने थाना तोरवा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि ई-रिक्शा संचालन को लेकर विवाद के दौरान आरोपियों ने अश्लील गालियां दीं, मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 115(2), 351(3), 118(1) और 3(5) के तहत मामला कायम कर विवेचना शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली गगन कुमार के निर्देशन में थाना प्रभारी रजनीश सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने आरोपियों की लगातार तलाश कर उन्हें गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में आकाश उर्फ छोटू यादव (26), आशीष उर्फ लाली यादव (24), किशन यादव (38) और पारस यादव (71) शामिल हैं। सभी आरोपी पावर हाउस, देवरीडीह, थाना तोरवा क्षेत्र के निवासी हैं। पूछताछ में आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की, जिसके बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

इसी दौरान पुलिस ने एक अन्य कार्रवाई में स्थायी वारंटी सुरेश पटेल उर्फ मुकेश उर्फ पतलू (33), निवासी तोरवा बस्ती पटेल पारा को भी गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
