

बिलासपुर, 17 अप्रैल 2026। जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा पुलिस की प्रभावी उपस्थिति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बिलासपुर पुलिस द्वारा बीट प्रणाली को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। इसी क्रम में पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के नेतृत्व में एक विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिले के राजपत्रित पुलिस अधिकारी, थाना एवं चौकी प्रभारी, बीट प्रभारी तथा बीट स्टाफ सहित लगभग 60 से अधिक अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए। इस दौरान बीट प्रणाली के उद्देश्य, महत्व और कार्यप्रणाली पर विस्तार से चर्चा की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने निर्देशित किया कि बीट अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में आपराधिक, सामाजिक, साम्प्रदायिक, राजनीतिक, छात्र एवं श्रमिक गतिविधियों पर सतत निगरानी रखें। साथ ही क्षेत्र में रहने वाले नागरिकों एवं नए आगंतुकों की गतिविधियों पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया।
बैठक में बीट ड्यूटी के दौरान पुलिस रेगुलेशन के अनुरूप कार्यप्रणाली अपनाने, ग्रामों में शिविर आयोजित कर सामुदायिक पुलिसिंग को बढ़ावा देने तथा आमजन को साइबर फ्रॉड और नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने पर विशेष जोर दिया गया। इसके अतिरिक्त लंबित समंस एवं वारंटों की तामील, स्थायी वारंटियों की तलाश, अवैध शराब बिक्री पर त्वरित कार्रवाई, निगरानीशुदा बदमाशों की नियमित जांच तथा चोरी के मामलों में सक्रिय पतासाजी के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधिकारियों को ग्राम एवं मोहल्लों में नियमित बैठकें आयोजित कर नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए भी कहा गया। बैठक के दौरान बीट अधिकारियों द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की गई और बेहतर प्रदर्शन करने वाले पुलिस कर्मियों को प्रोत्साहित किया गया।
इस अवसर पर आरक्षक दुर्गेश प्रजापति, सोनू पाल, विवेक राय, संजू जांगड़े, नितेश सिंह, सत्य कुमार पाटले, मनीष वाल्मीकि, शिव कुर्रे, पवन बंजारे, सज्जू अली, राहुल जगत, रंजीत खरे, देवेंद्र शर्मा, बोधुराम कुम्हार, विकास यादव, मिथलेश साहू, विनोद शास्त्री तथा प्रधान आरक्षक नवीन कुमार के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें नकद पुरस्कार देने की घोषणा की गई।
बैठक के अंत में सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए बीट प्रणाली को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए।
