

बिलासपुर, 17 अप्रैल 2026। जिले में पुलिस बल की कार्यक्षमता, अनुशासन और आपदा प्रबंधन की तैयारियों को परखने के उद्देश्य से शुक्रवार को बिलासपुर पुलिस द्वारा जनरल परेड का आयोजन किया गया। पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) ने परेड की सलामी ली और जवानों के प्रदर्शन का निरीक्षण किया।
जनरल परेड के दौरान पुलिस जवानों के टर्न आउट, स्क्वाड ड्रिल, शस्त्र अभ्यास तथा ट्रैफिक मैन्युअल सिग्नल जैसे विभिन्न पहलुओं का बारीकी से मूल्यांकन किया गया। इसके साथ ही शासकीय वाहनों का निरीक्षण किया गया और वज्र वाहन के उपयोग का डेमो भी प्रस्तुत किया गया।

निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने जवानों को दैनिक ड्यूटी में सतर्कता और दक्षता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने बीट प्रणाली को मजबूत करने, आमजन के बीच पुलिस की सक्रियता और दृश्यता बढ़ाने, असामाजिक तत्वों की पहचान कर उन पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने तथा नागरिकों की सेवा और सुरक्षा की भावना को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने और नियम उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
इस अवसर पर 14 अप्रैल से मनाए जा रहे अग्निशमन सेवा सप्ताह के अंतर्गत पुलिस बल को अग्नि सुरक्षा से संबंधित विशेष प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया। पुलिस लाइन सहित विभिन्न स्थानों पर आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रमों में होमगार्ड और एसडीआरएफ के अधिकारियों एवं जवानों ने डेमो के माध्यम से आगजनी की घटनाओं से निपटने के व्यावहारिक तरीके सिखाए।

प्रशिक्षण में आग के विभिन्न प्रकार—ठोस (A), तरल/द्रव (B), गैस (C) तथा विद्युत—के अनुसार उपयुक्त अग्निशमन यंत्रों के उपयोग की जानकारी दी गई। साथ ही डीसीपी, पानी, ड्राई केमिकल पाउडर, CO₂ और फोम आधारित उपकरणों के प्रयोग का अभ्यास कराया गया। घरेलू गैस सिलेंडर में आग लगने की स्थिति में अग्निशमन यंत्र, कंबल, पानी और अन्य उपलब्ध संसाधनों से आग पर नियंत्रण पाने के उपाय भी बताए गए।
अधिकारियों ने बताया कि आगजनी जैसी आपात स्थितियों में पुलिस बल अक्सर सबसे पहले मौके पर पहुंचता है, ऐसे में भीड़ को नियंत्रित करते हुए जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्राथमिक जिम्मेदारी होती है। एसडीआरएफ एवं फायर ब्रिगेड के पहुंचने तक स्थिति को संभालने और उन्हें कार्य करने के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया गया।
सभी अधिकारी-कर्मचारियों को अपने कार्यालय, घर और वाहनों में एबीसी टाइप या अन्य उपयुक्त अग्निशमन यंत्र रखने के निर्देश दिए गए तथा आम नागरिकों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की गई। आगामी दिनों में शहर के विभिन्न स्थानों, विशेष रूप से रिवर व्यू क्षेत्र में आम नागरिकों के लिए भी ऐसे प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे।
प्रशिक्षण कार्यक्रम पुलिस उप महानिरीक्षक के निर्देशन एवं होमगार्ड के वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। इसमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल, रामगोपाल करियारे, डीएसपी यातायात शिवचरण परिहार, डीएसपी लाइन मंजुलता केरकेट्टा, सीएसपी सिविल लाइन निमितेश सिंह, एसडीपीओ कोटा नूपुर उपाध्याय सहित थाना-चौकी प्रभारी और कुल 188 अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
