
यूनुस मेमन

बिलासपुर। थाना रतनपुर पुलिस और ACCU की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ गांजा जप्त किया है। पुलिस ने 245 किलोग्राम गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जप्त गांजा की अनुमानित कीमत 1 करोड़ 22 लाख रुपए बताई जा रही है। साथ ही गांजा परिवहन में प्रयुक्त एक मारुति अर्टिगा कार भी जप्त की गई है, जिसकी कीमत लगभग 8 लाख रुपए है। कुल जप्त संपत्ति की कीमत 1 करोड़ 30 लाख 50 हजार रुपए आंकी गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 17 अप्रैल 2026 को सूचना प्राप्त हुई थी कि एक मारुति अर्टिगा कार क्रमांक CG 04QD 7255 में भारी मात्रा में अवैध गांजा कटघोरा से मरवाही के रास्ते मध्यप्रदेश की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना रतनपुर पुलिस एवं ACCU की संयुक्त टीम ने नेशनल हाईवे स्थित नवापारा चौक भेड़ीमुंडा के पास घेराबंदी की।
जांच के दौरान कटघोरा की ओर से आ रही संदिग्ध अर्टिगा कार को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें 245 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने मौके से वाहन चालक अमित कुमार केवट (33 वर्ष) निवासी भुतहीटोला, थाना बुढार, जिला शहडोल (मध्यप्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के विरुद्ध थाना रतनपुर में नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रतनपुर प्रशिक्षु आईपीएस अंशिका जैन, निरीक्षक अनिल अग्रवाल, ACCU प्रभारी निरीक्षक गोपाल सतपथी, उपनिरीक्षक विष्णु यादव, उपनिरीक्षक कमलेश बंजारे, प्रधान आरक्षक सैय्यद अकबर अली सहित अन्य पुलिस स्टाफ का विशेष योगदान रहा।
