
बिलासपुर। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बिलासपुर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। सिटी कोतवाली पुलिस ने अरपा नदी के पचरी घाट क्षेत्र में छापेमारी कर नशीली दवाइयों की बिक्री कर रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 49 नग नाइट्राजेपाम (Nitrazepam) टैबलेट और बिक्री से प्राप्त 760 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल तथा नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में नशे के कारोबारियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
इसी दौरान थाना सिटी कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि अरपा नदी किनारे स्थित पचरी घाट में एक युवक अवैध रूप से नाइट्राजेपाम टैबलेट बेच रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी की पहचान लक्की उर्फ लकेश्वर यादव (20 वर्ष), निवासी पुराना हाईकोर्ट के पीछे, थाना सिटी कोतवाली, बिलासपुर के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 49 नशीली टैबलेट तथा बिक्री की 760 रुपये की नकदी बरामद कर जब्त की गई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 433/2026 दर्ज करते हुए एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21(B), 22(B) एवं 29 के तहत मामला पंजीबद्ध किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की गई।
पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
