
बिलासपुर। शहर के तोरवा थाना क्षेत्र में स्थित मुल्कराज होटल के बाहर मारपीट की घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आरोपियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 14 अप्रैल 2026 की रात करीब 12:15 बजे मुल्कराज होटल के सामने मोटरसाइकिल गिराने की बात को लेकर विवाद हुआ, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और थाना तोरवा में अपराध क्रमांक 192/2026 दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
इस मामले में पुलिस ने प्रवीण रजक उर्फ दारा (27 वर्ष), निवासी हेमुनगर तथा सुमित कुर्मी (23 वर्ष), निवासी बाम्बे आवास हेमुनगर को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(3), 115(2), 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
विवेचना के दौरान आरोपियों के खिलाफ पृथक से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए बीएनएसएस की धारा 170, 126 एवं 135 के तहत इस्तगाशा तैयार कर उनके पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड के साथ माननीय सिटी मजिस्ट्रेट न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
