
बिलासपुर। मस्तूरी क्षेत्र के चर्चित गोलीकांड के फरार आरोपी को पकड़ने गई पुलिस टीम के साथ अभद्रता और झूमाझपटी करने के मामले में तोरवा पुलिस ने आरोपी के परिजनों पर सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी के बेटे और भतीजे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 14 अप्रैल 2026 को थाना मस्तूरी में दर्ज अपराध क्रमांक 736/2025 के आरोपी नागेन्द्र राय को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीम लालखदान स्थित उसके निवास पर दबिश देने पहुंची थी। टीम द्वारा घर का दरवाजा खोलकर तलाशी में सहयोग करने को कहा गया, लेकिन परिजनों ने पहले सहयोग से इंकार किया और काफी देर बाद दरवाजा खोला।
तलाशी के दौरान आरोपी का पुत्र उद्याचल राय (33 वर्ष) और भतीजा सुब्रत राय (27 वर्ष) आक्रोशित हो गए और पुलिस टीम के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए झूमाझपटी करने लगे। इस दौरान उन्होंने शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न की।
घटना के बाद तोरवा थाना में आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 132, 221 एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान 15 अप्रैल 2026 को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था में बाधा डालने और शासकीय कार्य में हस्तक्षेप करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
