

बिलासपुर। जिले में अवैध ऑनलाइन सट्टा कारोबार के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत थाना सिरगिट्टी पुलिस और ACCU टीम ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन, नगदी और सट्टा संचालन से जुड़े डिजिटल साक्ष्य बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 15 अप्रैल 2026 को बाजार चौक तिफरा क्षेत्र में दबिश देकर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करते हुए जुबैर रिजवी (32 वर्ष) और सन्नी सिंह ठाकुर (32 वर्ष), दोनों निवासी यदुनंदन नगर तिफरा, को मौके से पकड़ा गया।
कार्रवाई के दौरान आरोपियों के पास से 2 मोबाइल फोन, 1,690 रुपये नगद एवं ऑनलाइन सट्टा से संबंधित व्हाट्सएप स्क्रीनशॉट जब्त किए गए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत 41,690 रुपये आंकी गई है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 7(2) तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 112 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध सट्टा और जुआ गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और इस तरह के मामलों में सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
