‘ऑपरेशन बाज’ के तहत मुंगेली पुलिस की कार्रवाई, 24 नग बीयर के साथ दो आरोपी गिरफ्तार


मुंगेली। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन बाज’ अभियान के तहत मुंगेली पुलिस ने अवैध शराब तस्करी पर सख्त कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में की गई।
पुलिस के अनुसार, थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र में सिटी पैलेस बार की आड़ में अवैध रूप से शराब की तस्करी और बिक्री की जा रही थी। मुखबिर की सूचना पर साइबर सेल और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने रायपुर रोड बायपास के पास घेराबंदी कर एक कार को रोका।
जांच के दौरान वाहन में 24 नग सिम्बा कंपनी की बीयर (15.600 बल्क लीटर) बरामद हुई। इस मामले में समर्थ जायसवाल (44) और सूरज ठाकुर (34) को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बीयर के साथ घटना में प्रयुक्त हुंडई क्रेटा कार (कीमत करीब 12 लाख रुपये) भी जब्त की है। कुल जब्ती की कीमत लगभग 12,04,800 रुपये बताई गई है।
आरोपियों के खिलाफ थाना सिटी कोतवाली मुंगेली में आबकारी एक्ट की धारा 34(2) और 59 (क) के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें 15 अप्रैल को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कार्तिकेश्वर जांगड़े, साइबर सेल प्रभारी उप निरीक्षक सत्येंद्रपुरी गोस्वामी सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब तस्करी और नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!