
बिलासपुर। भीषण गर्मी और लू से आमजन को राहत देने के लिए यातायात पुलिस ने विशेष पहल की है। पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर 17 अप्रैल से शहर के सभी प्रमुख चौक-चौराहों पर दोपहर 12:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक ट्रैफिक सिग्नल अस्थायी रूप से बंद रखने का निर्णय लिया गया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में यह व्यवस्था लागू की जाएगी। इसका उद्देश्य महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगों और बीमार लोगों को तेज धूप में सिग्नल पर रुकने से होने वाली परेशानी से बचाना है।
यातायात पुलिस के अनुसार, गर्मी के मौसम में बढ़ते तापमान के चलते सिग्नल पर रुकना लोगों के लिए जोखिम भरा हो सकता है। ऐसे में पूर्व वर्षों की तरह इस वर्ष भी यह निर्णय लिया गया है ताकि नागरिक बिना रुके अपने गंतव्य तक पहुंच सकें और लू के प्रभाव से बच सकें।
हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सिग्नल बंद रहने के दौरान भी सभी नागरिकों को यातायात नियमों और सुरक्षा मानकों का पालन करना अनिवार्य होगा। चौक-चौराहों पर यातायात पुलिस के अधिकारी और कर्मचारी तैनात रहेंगे, जो यातायात को नियंत्रित करेंगे।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे विशेष रूप से महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और दिव्यांगों को सड़क पार करने में प्राथमिकता दें और सहयोग करें। साथ ही, गर्मी से बचाव के लिए स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों का पालन करने की भी सलाह दी गई है।
यदि किसी व्यक्ति को लू या गर्मी के कारण स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होती है, तो वह मौके पर मौजूद यातायात कर्मियों से सहायता ले सकता है। कंट्रोल रूम के माध्यम से तत्काल मदद उपलब्ध कराई जाएगी।
यातायात पुलिस की यह पहल जनहित और सामाजिक सरोकारों के प्रति उसकी संवेदनशीलता को दर्शाती है।
