नकली ‘गोल्ड फ्लेक’ सिगरेट का भंडाफोड़: आईटीसी टीम ने ग्राहक बनकर पकड़ी 5 लाख की खेप


बिलासपुर। शहर में नकली सिगरेट के बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। ITC Limited की दिल्ली टीम ने ग्राहक बनकर कार्रवाई करते हुए ‘गोल्ड फ्लेक’ ब्रांड की नकली सिगरेट की खेप पकड़ ली। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में देर रात तक चली कार्रवाई में करीब 5 लाख रुपए की चार कार्टन सिगरेट जब्त की गई।
जानकारी के अनुसार, आईटीसी को पहले से सूचना मिल रही थी कि बिलासपुर में नकली सिगरेट की सप्लाई हो रही है। इसके बाद टीम बुधवार को शहर पहुंची और सबसे पहले अलग-अलग पान ठेलों से सैंपल जुटाए। इसके बाद टीम ने ग्राहक बनकर व्यापार विहार इलाके में महाराणा प्रताप चौक स्थित नगर निगम कॉलोनी के पास एक थोक सप्लायर रोशन चंदानी की फर्म तक पहुंच बनाई।
यहां से खरीदी गई सिगरेट की तुलना कंपनी के ओरिजिनल पैकेट और स्टिक से की गई, जिसमें माल नकली पाया गया। पुष्टि होने के बाद टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सिगरेट की खेप जब्त की और मामले को लेकर थाने पहुंची, जहां देर रात तक जांच और वैधानिक कार्रवाई चलती रही।
रोजाना लाखों का कारोबार
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नकली सिगरेट का यह अवैध कारोबार रोजाना 2 लाख रुपए से अधिक का हो सकता है। इस तरह की सिगरेट की पहचान पैकेट की प्रिंटिंग, होलोग्राम, कोड, स्टिक की बनावट और स्वाद के आधार पर की जाती है।
मामले में थाना प्रभारी सुम्मत राम साहू से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया। फिलहाल पुलिस और कंपनी की टीम मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!