थाने में फरियादी से मारपीट: एएसआई निलंबित, उसी थाने में दर्ज हुई FIR


बिलासपुर। रतनपुर थाना क्षेत्र में पुलिसकर्मी द्वारा फरियादी से मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। केस की जांच रिपोर्ट मांगने पहुंचे एक व्यक्ति को एएसआई द्वारा थप्पड़ मारने के आरोप लगे हैं। घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी रजनेश सिंह ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी एएसआई दिनेश तिवारी को निलंबित कर दिया है। वहीं, पीड़ित की शिकायत पर उसी थाने में आरोपी के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की गई है।
जानकारी के अनुसार, रतनपुर के बनियापारा निवासी विनोद जायसवाल 12 अप्रैल को अपने पुराने परिवाद की स्थिति जानने के लिए थाने पहुंचे थे। दोपहर करीब ढाई बजे उनकी मुलाकात एएसआई दिनेश तिवारी से हुई। विनोद ने अपने केस की प्रगति के बारे में पूछा और जांच रिपोर्ट कोर्ट में प्रस्तुत करने का आग्रह किया। इसी बात पर एएसआई नाराज हो गया और कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए फरियादी को 15 से 20 थप्पड़ जड़ दिए।


पीड़ित का आरोप है कि घटना के दौरान थाने में अन्य पुलिसकर्मी भी मौजूद थे, लेकिन किसी ने हस्तक्षेप नहीं किया। एएसआई ने धमकी देते हुए कहा कि “तू कितना बड़ा नेता है, तेरी नेतागिरी निकाल दूंगा, तुझे जेल भिजवा दूंगा।” मामले में एएसआई पर रुपए लेने के आरोप भी सामने आ रहे हैं।
मारपीट के बाद विनोद जायसवाल का कान सुन्न हो गया, जिससे उन्हें सुनने में परेशानी और सिरदर्द की शिकायत है। घटना के बाद उन्होंने इसकी शिकायत थाने में दर्ज कराई।
मामले की जानकारी मिलते ही रतनपुर थाना प्रभारी प्रशिक्षु आईपीएस अंशिका जैन ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया। एसएसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच के आदेश दिए और आरोपी एएसआई को निलंबित कर दिया।
फिलहाल रतनपुर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!