

बिलासपुर। शहर में यातायात व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग एवं डीआईजी व एसएसपी रजनेश सिंह ने बुधवार को आईटीएमएस (इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम), साइबर सेल, पुलिस कंट्रोल रूम तथा डायल 112 का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने आधुनिक तकनीकों के उपयोग का जायजा लेते हुए स्टाफ को हमेशा मुस्तैद रहने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कंट्रोल एंड कमांड सेंटर पहुंचकर अधिकारियों ने आईटीएमएस की कार्यप्रणाली का बारीकी से अवलोकन किया। तकनीकी टीम ने बताया कि शहर में लगे 550 से अधिक सीसीटीवी कैमरों एवं एएनपीआर (ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन) सिस्टम के माध्यम से यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों की पहचान कर स्वचालित चालानी कार्रवाई की जाती है।
अधिकारियों को यह भी बताया गया कि किस प्रकार कैमरों द्वारा वाहन नंबर कैप्चर कर सत्यापन की प्रक्रिया पूरी कर संबंधित वाहन चालक के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर चालान भेजा जाता है। इस दौरान वरिष्ठ अधिकारियों ने स्वयं भी मॉनिटर पर वाहन नंबर प्लेट जूम कर पढ़ते हुए चालान प्रक्रिया को देखा।
आईटीएमएस के जरिए शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और मार्गों पर ट्रैफिक दबाव (कंजेशन) की स्थिति पर भी नजर रखी जा रही है। कंट्रोल रूम में लगे बड़े मॉनिटर के माध्यम से रियल टाइम ट्रैफिक स्थिति का अवलोकन कर यातायात प्रबंधन को बेहतर बनाया जा रहा है।
इसके अलावा, शहर में स्थापित 23 पीए सिस्टम एवं 10 एलईडी स्क्रीन के माध्यम से आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए संदेश प्रसारित किए जा रहे हैं। अधिकारियों की मौजूदगी में इनका संचालन कर इसकी उपयोगिता भी प्रदर्शित की गई।
पुलिस महानिरीक्षक ने आईटीएमएस प्रणाली के जरिए चोरी हुए वाहनों की खोज में मिल रही सफलता की सराहना की और टीम को सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही तकनीकी और डिजिटल संसाधनों का अधिकतम उपयोग कर अपराध नियंत्रण को प्रभावी बनाने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान साइबर सेल, डायल 112 और पुलिस कंट्रोल रूम का भी जायजा लिया गया। अधिकारियों ने कर्मचारियों को नागरिकों की शिकायतों के प्रति संवेदनशील रहते हुए त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे, सीएसपी कोतवाली गगन कुमार, सीएसपी सिविल लाइन निमितेश सिंह, टीआई साइबर सेल गोपाल सतपति सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
