मोबाइल से लोन लेकर रकम हड़पने वाला आरोपी गिरफ्तार, मल्हार पुलिस की त्वरित कार्रवाई


बिलासपुर। चौकी मल्हार थाना मस्तूरी पुलिस ने ग्रामीण दुकानदारों के साथ ऑनलाइन लोन के नाम पर ठगी करने वाले आरोपी को चंद घंटों में गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लोगों के मोबाइल से लोन दिलाने का झांसा देकर रकम अपने खाते में ट्रांसफर कर लेता था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी शिवकुमार राय निवासी ग्राम चकरबेड़ा मल्हार ने चौकी में शिकायत दर्ज कराई कि उसका परिचित गोपी कश्यप (उर्फ गोपी किशन) निवासी ग्राम धुर्वाकारी ने उसे ऑनलाइन लोन दिलाने का झांसा दिया। आरोपी ने उसके मोबाइल से लोन स्वीकृत कराकर खाते में आई 80 हजार रुपए की राशि बिना बताए अपने खाते में ट्रांसफर कर ली।
शिकायतकर्ता को शक होने पर उसने बैंक ऑफ महाराष्ट्र जाकर जानकारी ली, जहां पता चला कि लोन की राशि अलग-अलग किस्तों में आरोपी ने अपने खाते में ट्रांसफर कर ली है। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी अन्य किराना दुकानदारों को पेटीएम बॉक्स सुधारने और लोन दिलाने के नाम पर इसी तरह ठगी करता था।
मामले की सूचना वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह एवं एसडीओपी मस्तूरी एल.सी. मोहल्ले के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी को उसके गांव धुर्वाकारी से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी के कब्जे से उसका मोबाइल फोन जप्त किया गया है। पुलिस आरोपी से अन्य मामलों में भी पूछताछ कर रही है।
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक अवधेश सिंह, आरक्षक रमेश साहू, किशन राय, अभिजीत एवं सुखदेव पाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति को मोबाइल फोन या बैंकिंग संबंधी जानकारी देने से पहले सतर्क रहें, ताकि इस प्रकार की ठगी से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!