

मुंगेली। थाना फास्टरपुर-सेतगंगा क्षेत्र में हुए एक अंधे कत्ल का खुलासा करते हुए मुंगेली पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में की गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 13 अप्रैल 2026 को सेतगंगा निवासी परिजनों ने थाना फास्टरपुर-सेतगंगा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि एक महिला 12 से 13 अप्रैल की दरम्यानी रात घर से बिना बताए कहीं चली गई थी और सुबह घर पर नहीं मिली। इसी दौरान 13 अप्रैल को लगभग 11 से 12 बजे के बीच ग्राम गाड़ाघाट के पगडंडी मार्ग पर एक महिला का शव पड़े होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान मृतिका के रूप में की, जिसके बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुश्री नवीनत कौर छाबड़ा के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आसपास के लोगों से पूछताछ की और मुखबिर की सूचना पर संदेही लालाराम यादव को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया।

आरोपी ने बताया कि उसका मृतिका के साथ प्रेम संबंध था। मृतिका द्वारा आरोपी पर उसे पत्नी बनाकर अपने घर ले जाने का दबाव बनाया जा रहा था, जिससे परेशान होकर आरोपी ने उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई। 12 अप्रैल को आरोपी ने मृतिका को फोन कर बुलाया और मोटरसाइकिल से ग्राम गाड़ाघाट के पास ले जाकर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद उसने मृतिका का मोबाइल ग्राम छटन के तालाब में फेंक दिया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर एक टेक्नो मोबाइल, मृतिका का की-पैड मोबाइल तथा घटना में प्रयुक्त एचएफ डिलक्स मोटरसाइकिल (क्रमांक CG-28 B-7299) जब्त की है। आरोपी लालाराम यादव (38 वर्ष), निवासी ग्राम शुक्लाभांठा, थाना फास्टरपुर-सेतगंगा के विरुद्ध अपराध क्रमांक 40/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए 14 अप्रैल 2026 को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक लक्ष्मण खुंटे, सहायक उप निरीक्षक विजय बंजारा, आरक्षक पारसमणी भास्कर, जितेन्द्र खाण्डेकर, तीजराम यादव सहित थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
