
बिलासपुर। शहर में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और लंबे समय से फरार चल रहे वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए सिटी कोतवाली पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। अभियान के दौरान पुलिस ने 2 स्थायी वारंट और 8 गिरफ्तारी वारंट तामील करते हुए कुल 10 वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
पुलिस के अनुसार, पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल तथा नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र में लंबे समय से फरार स्थायी एवं गिरफ्तारी वारंटियों की तलाश के लिए विशेष अभियान चलाया गया।
इस अभियान के तहत राजा यादव और छाया बाई समुद्रे के विरुद्ध जारी दो स्थायी वारंट तामील किए गए। वहीं विक्की उर्फ विवेक सारथी, लक्की यादव, जितेन्द्र उर्फ जीतू अहिरवार, रिंकु ठाकुर, सेफूल हक उर्फ सैफ खान, अमन यादव, ज्वाला वस्त्रकार और लक्की उर्फ लेकेश्वर यादव के विरुद्ध जारी गिरफ्तारी वारंट भी तामील कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद सभी को विधिवत न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
पुलिस ने अभियान के दौरान छह अन्य वारंटियों की भी तलाश की। जांच में पता चला कि वे वर्तमान में विभिन्न जेलों में निरुद्ध हैं। ऐसे मामलों में संबंधित गिरफ्तारी वारंट अदम तामील किए गए।
सिटी कोतवाली पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों और वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए यह विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि न्यायालय से जारी वारंटों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जा सके और शहर में कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
