

बिलासपुर। गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय में अध्ययनरत बीए एलएलबी की एक छात्रा ने मंगलवार सुबह अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, रायगढ़ निवासी 20 वर्षीय सृष्टि गुप्ता, पिता संजय गुप्ता, विश्वविद्यालय में सेकंड ईयर की छात्रा थी। वह पिछले दो वर्षों से कोनी क्षेत्र स्थित रिवर व्यू कॉलोनी में रहकर पढ़ाई कर रही थी। बताया जा रहा है कि सोमवार को कॉलेज से लौटने के बाद उसकी परिजनों से बातचीत हुई थी, जिसके बाद वह दोस्तों के साथ बाहर चली गई थी।
मंगलवार सुबह जब वह अपने कमरे से बाहर नहीं निकली, तो आसपास रहने वाली छात्राओं को संदेह हुआ। आवाज देने पर भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खोलकर देखा तो छात्रा का शव पंखे से फंदे पर लटका हुआ मिला।
पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि एक दिन पहले उसका अपने पिता से विवाद हुआ था। कोनी थाना प्रभारी राजश्री कोसले के अनुसार, परिजनों ने पूछताछ में बताया कि सृष्टि का स्वभाव गुस्से वाला था और विवाद के बाद उसने यह कदम उठाया।
शादी को लेकर दबाव की चर्चा
घटना के दौरान मौके पर मौजूद सहपाठियों के बीच यह भी चर्चा रही कि छात्रा पर परिजनों द्वारा शादी को लेकर दबाव बनाया जा रहा था। एक छात्र के अनुसार, सृष्टि रात में एक दोस्त के साथ थी और सुबह करीब 4 बजे घर लौटी थी, जिसके कुछ समय बाद उसने यह आत्मघाती कदम उठा लिया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
