
शशि मिश्रा


जांजगीर-चांपा। जिले में असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने धारदार हथियार लहराकर लोगों को डराने वाले दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के कब्जे से हथियार जब्त कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, केरा रोड स्थित देशी शराब भट्टी के पास कुछ युवक धारदार हथियार लहराकर राहगीरों को डरा-धमका रहे थे। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर अलग-अलग स्थानों से दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में अभिषेक सोनवान (20 वर्ष) निवासी वार्ड क्रमांक 25 भाठापारा जांजगीर और गौरव किरण (19 वर्ष) निवासी ग्राम घनवा शामिल हैं। दोनों के कब्जे से 2 नग धारदार हथियार बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की है। दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक निवेदिता पॉल के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप एवं सीएसपी योगिता बाली खापर्डे के मार्गदर्शन में तथा थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में की गई।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में शांति व्यवस्था भंग करने वाले तत्वों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
