

बिलासपुर। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के जयंती वर्ष के अवसर पर बिलासपुर पुलिस ने अनूठी पहल करते हुए जिले के विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं को पुलिस विभाग के अलग-अलग इकाइयों का शैक्षणिक भ्रमण कराया। इस दौरान विद्यार्थियों को पुलिस की कार्यप्रणाली, आधुनिक तकनीक और जनजागरूकता अभियानों की विस्तृत जानकारी दी गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को सबसे पहले शहर के प्रमुख स्थल शहीद विनोद चौबे चौक पर यातायात नियमों की जानकारी दी गई। यहां ट्रैफिक पुलिस द्वारा उपयोग किए जाने वाले आधुनिक उपकरण जैसे ब्रीथ एनालाइजर, स्पीड रडार गन, POS मशीन, व्हील लॉक, इंटरसेप्टर, सीसीटीवी कैमरा और चालानी प्रक्रिया का प्रत्यक्ष प्रदर्शन कराया गया।
इसके बाद विद्यार्थियों को इंटीग्रेटेड कंट्रोल एंड कमांड सेंटर में संचालित आईटीएमएस (इंटेलिजेंट ट्रैफिक मॉनिटरिंग सिस्टम) का अवलोकन कराया गया। छात्रों को बताया गया कि किस तरह पूरे शहर का ट्रैफिक डिजिटल तकनीक के माध्यम से नियंत्रित किया जाता है। इस दौरान कुछ छात्रों को स्वयं सिस्टम ऑपरेट करने का अवसर भी मिला, जहां उन्होंने आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम के अगले चरण में छात्र-छात्राओं को साइबर थाना ले जाया गया, जहां उन्हें ऑनलाइन फ्रॉड, फेक आईडी, डिजिटल अरेस्ट, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग, डायल 1930, CEIR पोर्टल सहित साइबर अपराधों से बचाव और शिकायत प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
इसके पश्चात थाना तारबाहर में भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को थाने की कार्यप्रणाली से अवगत कराया गया। यहां उन्हें CCTNS, FIR, मर्ग, पासपोर्ट वेरिफिकेशन, मालखाना, रोजनामचा लेखन, गुम मोबाइल ट्रैकिंग समेत विभिन्न प्रक्रियाओं के बारे में विस्तार से बताया गया।
इस दौरान छात्रों ने अधिकारियों से सवाल-जवाब कर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान भी प्राप्त किया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में कानून के प्रति जागरूकता बढ़ाना, राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित करना और उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम में एएसपी ग्रामीण मधुलिका सिंह, एएसपी ट्रैफिक राम गोपाल करियारे, एएसपी शहर पंकज पटेल, सीएसपी कोतवाली निमितेश सिंह सहित अन्य अधिकारी, शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं और सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
