
बिलासपुर। सिरगिट्टी क्षेत्र में नगर निगम द्वारा कराए जा रहे आरसीसी नाली निर्माण कार्य में भारी लापरवाही सामने आई है। बन्नाक चौक से नगपुरा रोड तक करीब 1 किमी लंबी नाली 1.20 करोड़ रुपए की लागत से बनाई जा रही है, लेकिन निगम और बिजली विभाग के बीच तालमेल की कमी के चलते गंभीर स्थिति पैदा हो गई है।
रविवार सुबह करीब 7:30 बजे ठेकेदार द्वारा बिना पोल शिफ्टिंग के की गई खुदाई के कारण 33 केवी हाईटेंशन लाइन का बिजली पोल झुककर पास के एक मकान की दीवार पर जा टिका। गनीमत रही कि कुछ ही समय पहले घर के बच्चे छत से नीचे उतर गए थे, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
बिना शिफ्टिंग शुरू कर दी खुदाई
स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले दो माह से क्षेत्र में नाली निर्माण कार्य चल रहा है। निगम ने बिजली विभाग को पोल शिफ्टिंग के लिए पत्र तो लिखा, लेकिन जमीन पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बावजूद ठेकेदार ने खुदाई शुरू कर दी, जिससे कई स्थानों पर बिजली पोल अस्थिर हो गए हैं।
जेसीबी के सहारे खड़ा किया पोल
घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी मशीन की मदद से झुके पोल को अस्थायी रूप से सीधा किया गया। इसी स्थिति में नाली की ढलाई भी कर दी गई, जो कि केवल अस्थायी समाधान माना जा रहा है।
8 घंटे तक बिजली बंद, लोग परेशान
घटना के बाद सुबह 7:30 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक करीब 8 घंटे तक बिजली सप्लाई बंद रही। भीषण गर्मी में लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पंखे और पानी की मोटर बंद रहने से स्थानीय निवासियों में आक्रोश देखा गया।
पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं
क्षेत्र में यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले सरदार संतोष मेमोरियल स्कूल के पास भी एक बिजली पोल झुक गया था, जिसे पूरे दिन जेसीबी के सहारे संभाला गया। वहीं बन्नाक चौक के पास भी पोल गिरने की स्थिति में पहुंच चुका है। लगातार हो रही घटनाएं निर्माण कार्य की कमजोर मॉनिटरिंग और ठेकेदार की मनमानी को उजागर करती हैं।
अधिकारियों के बयान
जोन 2 तिफरा के अध्यक्ष विजय सिंह मरावी ने बताया कि पोल शिफ्टिंग को लेकर ठेकेदार और इंजीनियर को पहले ही निर्देश दिए गए थे, ताकि निर्माण के दौरान कोई परेशानी न हो।
वहीं सिरगिट्टी सब-स्टेशन के एई चंद्रेश पाटकर ने कहा कि निगम की ओर से पोल शिफ्टिंग के लिए आवेदन प्राप्त हुआ है और एस्टीमेट भी तैयार है। निगम से सुपरविजन लेटर मिलते ही शिफ्टिंग का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
फिलहाल क्षेत्र में लोगों ने निगम और बिजली विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए जल्द स्थायी समाधान की मांग की है।
