
बिलासपुर। उसलापुर ओवरब्रिज के नीचे अचेत अवस्था में मिले युवक की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। मृतक की पहचान जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा वार्ड नंबर-7 मोहनपारा निवासी रवि विश्वकर्मा (37) के रूप में हुई है, जो पिछले दो दिनों से लापता था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रखवा दिया है, रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
जानकारी के अनुसार, शनिवार को उसलापुर ओवरब्रिज के नीचे एक युवक अचेत हालत में पड़ा मिला। स्थानीय लोगों की सूचना पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि युवक ने जहर का सेवन किया या अत्यधिक शराब पीने से उसकी हालत बिगड़ी।
पिता ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप
मृतक के पिता ने अकलतरा थाने के एक कांस्टेबल पर प्रताड़ना और पैसों की मांग करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि 14 जनवरी को पुलिस ने रवि को 20 लीटर कच्ची महुआ शराब के साथ पकड़ा था और आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई की थी। इसके बाद 12 मार्च को वह जमानत पर छूटा था।
परिजनों के मुताबिक, घर लौटने के बाद रवि मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था। आरोप है कि एक पुलिसकर्मी लगातार पैसे की मांग कर उसे प्रताड़ित कर रहा था, जिससे वह तनाव में था। परिजन सोमवार को इस मामले की शिकायत लेकर अधिकारियों से मिलने वाले हैं।
इधर सिविल लाइन पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
दो साल में 21 संदिग्ध मौतों की जांच अधूरी
बिलासपुर जिले में पिछले दो वर्षों के भीतर 21 संदिग्ध मौतों के मामलों की जांच अब तक पूरी नहीं हो सकी है। इन मामलों में पुलिस ने मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम कराया है और बिसरा संरक्षित किया गया है, लेकिन एफएसएल रिपोर्ट लंबित होने के कारण किसी भी मामले में अंतिम निर्णय नहीं हो पाया है।
इन मामलों में सिटी कोतवाली, सिविल लाइन, तारबाहर, सरकंडा, तोरवा, रतनपुर, सिरगिट्टी, चकरभाठा, हिरी, बिल्हा, सकरी, कोटा, तखतपुर और मस्तूरी थाना क्षेत्र शामिल हैं।
