बेदखली कार्रवाई के दौरान भड़का जमीन विवाद, तहसीलदार-पुलिस के सामने चली ईंट-पत्थर; 4 घायल


बिलासपुर। पचपेड़ी क्षेत्र में जमीन विवाद ने उस समय हिंसक रूप ले लिया, जब बेदखली कार्रवाई के दौरान तहसीलदार और पुलिस की मौजूदगी में ही दो पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों ओर से जमकर ईंट-पत्थर और लाठियां चलीं, जिससे चार लोग घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, 10 अप्रैल की शाम करीब 3 बजे उच्चभट्ठी तालाब के पास स्थित विवादित जमीन पर बेदखली की कार्रवाई के लिए तहसीलदार नीलम सिंह अपनी टीम के साथ पहुंची थीं। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।
पहले पक्ष की ओर से निर्मला देवी अंचल ने शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि कार्रवाई के दौरान संतोष नायक ने उन्हें धक्का देकर गिरा दिया। विरोध करने पर गाली-गलौज की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। उनके साथ हरि नायक और कृष्णा नायक भी मौजूद थे।
वहीं दूसरे पक्ष की ओर से चिंकू नायक ने एफआईआर दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि बिंदु जायसी, रामफल अंचल और अन्य लोगों ने उनके परिवार पर हमला किया। दोनों पक्षों के बीच हुई इस झड़प में चार लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
अधिकारियों पर भी लगे आरोप
घटना के बाद बिंदु जायसी ने तहसीलदार और पुलिस पर भी मारपीट का आरोप लगाया है। हालांकि एएसपी ग्रामीण मधुलिका सिंह ने इन आरोपों से साफ इनकार किया है।
थाना प्रभारी राज सिंह के अनुसार, दोनों पक्षों के खिलाफ मारपीट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!