नकली सोना को असली बताकर ठगी करने वाले दंपत्ति गिरफ्तार, ज्वेलर्स की सतर्कता से खुला मामला


बिलासपुर। सिटी कोतवाली पुलिस ने नकली सोने को असली बताकर ज्वेलरी बदलने के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले दंपत्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से नकली सोने के टाप्स और अंगूठी जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार, 11 अप्रैल 2026 को लीला ज्वेलर्स, सदर बाजार के मैनेजर जलेश कुमार आहिरे ने थाना सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 10 अप्रैल की शाम एक महिला, जिसने अपना नाम पूनम वर्मा बताया, दुकान में आई और अपने पास रखे टाप्स व अंगूठी को 18 कैरेट सोना बताते हुए बदले में दूसरी ज्वेलरी लेने की बात कही।
संदेह होने पर जब ज्वेलरी को मशीन से जांचा गया, तो दोनों सामान नकली पाए गए। इसके बाद मामले की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। इसी दौरान महिला अपने पति और बच्चे के साथ सदर बाजार में घूमते हुए मिली, जिसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ में आरोपी महिला के पास से 18 कैरेट 750 हॉलमार्क अंकित नकली सोने के टाप्स (करीब 4.23 ग्राम) और अंगूठी (करीब 3.10 ग्राम) बरामद की गई। पुलिस ने दोनों सामान जब्त कर लिया।
मामले में आरोपी संजय वर्मा (40 वर्ष) और उसकी पत्नी पूनम वर्मा (30 वर्ष), निवासी वाराणसी (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस ने आम व्यापारियों से अपील की है कि ज्वेलरी लेन-देन के दौरान पूरी सतर्कता बरतें और संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें, ताकि इस प्रकार की ठगी की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!