सिरगिट्टी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 15 आरोपी गिरफ्तार, वारंटी, शराब तस्कर और आर्म्स एक्ट के आरोपी शामिल


बिलासपुर। जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सिरगिट्टी थाना पुलिस ने व्यापक अभियान चलाते हुए एक साथ कई मामलों में कार्रवाई कर 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर क्षेत्र में लंबे समय से फरार वारंटियों, अवैध शराब बिक्री, शराब पीकर वाहन चलाने और आर्म्स एक्ट के मामलों में कार्रवाई के लिए विशेष टीम गठित की गई थी।
अभियान के दौरान पुलिस ने 10 फरार वारंटियों को गिरफ्तार किया। वहीं एक आरोपी के कब्जे से धारदार चाकू बरामद कर आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। इसके अलावा एक आरोपी के पास से 32 पाव देशी मसाला शराब जब्त कर आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।


इसी दौरान तिफरा क्षेत्र में चोरी की नियत से घूम रहे एक आरोपी को पकड़कर उसके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। वहीं शराब पीकर वाहन चलाने वाले एक आरोपी के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह पूरी कार्रवाई क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर नियंत्रण के उद्देश्य से की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे और अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!