

बिलासपुर। मोबाइल चोरी के मामले में तारबाहर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के 5 मोबाइल बरामद किए हैं। पुलिस ने मोबाइल खरीदने वाले आरोपी को भी गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी योगेश कुमार साहू ने 8 अप्रैल 2026 को थाना तारबाहर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह सुबह करीब 10:30 बजे रामापोर्ट के पीछे सामान देने गया था। इस दौरान उसने अपनी मोटरसाइकिल (सीजी 10 बीके 2098) सड़क किनारे खड़ी की थी और मोबाइल स्टैंड में अपना वीवो वाई 21ए मोबाइल रखा हुआ था। वापस लौटने पर मोबाइल गायब मिला, जिसे अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर लिया गया था।
मामले की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर पुलिस टीम ने जांच शुरू की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक रविंद्र अनंत के नेतृत्व में टीम गठित कर आरोपियों की तलाश की गई।
तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने एक संदिग्ध को पकड़कर पूछताछ की, जिसने अपना नाम सिकंदर अली (25 वर्ष) निवासी ईरानी मोहल्ला चांटीडीह बताया। पूछताछ में उसने 4 अन्य मोबाइल चोरी करने और उन्हें कन्हैया ठाकुर (19 वर्ष) निवासी डबरीपारा, साईं कॉलेज के पास, को बेचने की बात स्वीकार की।
इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर कन्हैया ठाकुर को भी गिरफ्तार किया और उसके कब्जे से 4 मोबाइल जब्त किए। वहीं सिकंदर अली से चोरी किया गया एक मोबाइल बरामद किया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में निरीक्षक रविंद्र अनंत, उप निरीक्षक संजय शर्मा, प्रधान आरक्षक जय सिंह धुर्वे, भागीरथी गेंदले, आरक्षक राहुल राजपूत सहित अन्य स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।
