

बिलासपुर। कोनी क्षेत्र स्थित सेंट्रल यूनिवर्सिटी आवासीय कॉलोनी में रहने वाले एक छात्र ने सायनाइड खाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस को उसकी स्कूटी से करीब 400 ग्राम सायनाइड बरामद हुआ है। पोस्टमार्टम के बाद बुधवार को शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसका अंतिम संस्कार सरकंडा मुक्तिधाम में किया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, सेंट्रल यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर संतोष सिंह ठाकुर और प्रोफेसर किरण सिंह ठाकुर के इकलौते बेटे यशवर्धन सिंह मंगलवार शाम जिम जाने के लिए घर से निकला था। वह अपने पिता की स्कूटी लेकर लोधीपारा स्थित जिम के लिए रवाना हुआ था। रास्ते में उसने अपनी मां से फोन पर बात की, जिसके बाद उसकी बातचीत से अनहोनी की आशंका होने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।
रात करीब 8:30 बजे यशवर्धन लोधीपारा स्थित राधा-कृष्ण मंदिर के पास अचेत अवस्था में मिला। उसके दोस्तों ने उसे तुरंत अपोलो अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल में दोस्तों की सूचना पर पुलिस ने स्कूटी की जांच की, जिसमें हुक में टंगे पॉलीथिन से 400 ग्राम सायनाइड का डिब्बा बरामद हुआ। पुलिस ने जहर को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
डिप्रेशन में था छात्र
परिजनों के अनुसार, यशवर्धन लंबे समय से डिप्रेशन से जूझ रहा था और उसका इलाज चल रहा था। वह पहले भी दो बार बिना बताए घर से लापता हो चुका था, जिसे बाद में ढूंढ लिया गया था। हालांकि आत्महत्या के पीछे की स्पष्ट वजह अभी सामने नहीं आई है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है।
