पत्रकार कॉलोनी रोड बनेगी फोरलेन, 3.71 किमी सड़क के लिए 8.30 करोड़ का एस्टीमेट


बिलासपुर। शहर के पत्रकार कॉलोनी से अशोक नगर तक बनने वाली सड़क अब फोरलेन सीसी रोड के रूप में विकसित की जाएगी। पहले इस मार्ग को टू-लेन बनाने की योजना थी, लेकिन अब इसमें बदलाव करते हुए चौड़ी और मजबूत सड़क बनाने का निर्णय लिया गया है।
जानकारी के अनुसार, सिटी बस डिपो से बाइपास होते हुए अशोक नगर तक 3.71 किलोमीटर लंबी सड़क के लिए शासन पहले ही 8.30 करोड़ रुपए की मंजूरी दे चुका है। वर्तमान में 8.27 करोड़ रुपए का एस्टीमेट तैयार कर भेजा गया है, जिसे अब फोरलेन के अनुसार संशोधित किया जा रहा है। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त राशि के लिए अलग से टेंडर जारी किया जाएगा।
15 हजार लोगों को मिलेगा लाभ
सड़क निर्माण से अशोक नगर, फॉरेस्ट कॉलोनी, पत्रकार कॉलोनी, महावीर आवासीय परिसर, अटल आवास और ड्रीम रेसिडेंसी के 15 हजार से अधिक लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। क्षेत्र में लंबे समय से बेहतर सड़क की मांग की जा रही थी।
विधायक की पहल पर बदली योजना
बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला की पहल पर सड़क को फोरलेन बनाने का निर्णय लिया गया। निरीक्षण के दौरान पीडब्ल्यूडी अधिकारियों ने बताया कि मार्ग की चौड़ाई पर्याप्त है, जिससे फोरलेन निर्माण संभव है।
सीपत की दूरी होगी कम
यह मार्ग रतनपुर से कोनी और अशोक नगर होते हुए सीपत जाने के लिए वैकल्पिक और छोटा रास्ता बनेगा। वर्तमान में यहां मुरूम सड़क होने के कारण बारिश में कीचड़ और गर्मी में धूल की समस्या बनी रहती है।
गौरतलब है कि इस सड़क योजना में तीसरी बार संशोधन किया जा रहा है। शुरुआत में इसकी लागत करीब 4 करोड़ रुपए थी, जिसे बाद में बढ़ाकर 8 करोड़ किया गया और अब इसे फोरलेन सीसी रोड के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे सड़क अधिक टिकाऊ और सुविधाजनक होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!