कोनी में बर्ड फ्लू कंट्रोल में, 17 दिन बाद फिर शुरू हो सकती है चिकन-अंडे की बिक्री


बिलासपुर। कोनी कुक्कुट प्रक्षेत्र में बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद लगाए गए प्रतिबंध अब हटने की तैयारी में हैं। संक्रमण मिलने के 17 दिन बाद गुरुवार से 10 किलोमीटर के सर्विलांस एरिया से प्रतिबंध हटाया जा सकता है। केंद्र और राज्य की संयुक्त टीम ने तीन दिन तक निरीक्षण कर स्थिति को नियंत्रण में बताया है।
गौरतलब है कि 25 मार्च को बर्ड फ्लू की पुष्टि होने के बाद प्रशासन ने कड़े कदम उठाए थे। एक किलोमीटर के दायरे में चिकन और अंडे की बिक्री के साथ मुर्गी पालन पूरी तरह बंद कर दिया गया था। वहीं 10 किलोमीटर क्षेत्र को सर्विलांस जोन घोषित कर होटल, ढाबों और बाजारों में भी चिकन-अंडे की बिक्री पर रोक लगा दी गई थी।
संक्रमण पर काबू पाने के लिए बड़े पैमाने पर कार्रवाई की गई। कुल 22,808 पक्षियों को मारा गया, 25 हजार अंडे और 79 क्विंटल दाना नष्ट किया गया। इसके अलावा वेटनरी कॉलेज की 1900 मुर्गियों को भी खत्म किया गया। इस दौरान जांच किए गए 41 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई।
व्यापारियों को राहत, करोड़ों का नुकसान
प्रतिबंध के चलते पोल्ट्री कारोबार को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ। चिकन और अंडा व्यापारियों को 17 दिनों तक दुकानें बंद रखनी पड़ीं, जबकि पोल्ट्री फार्म संचालकों को चारा, पानी और बिजली पर खर्च उठाना पड़ा। इससे करोड़ों रुपए का नुकसान हुआ है।
होटल-ढाबों पर भी पड़ा असर
चिकन और अंडे की बिक्री बंद रहने से होटल और ढाबा व्यवसाय भी प्रभावित रहा। इससे जुड़े लोगों की आय पर असर पड़ा। हालांकि अब प्रतिबंध हटने से कारोबार में फिर से रौनक लौटने की उम्मीद जताई जा रही है।
कुछ क्षेत्रों में अभी भी रहेगा प्रतिबंध
अधिकारियों के अनुसार, कोनी कुक्कुट प्रक्षेत्र के 1 किलोमीटर दायरे में अगले 3 महीने तक प्रतिबंध जारी रहेगा। वहीं पूरा प्रक्षेत्र 6 महीने तक बंद रखा जाएगा और इस दौरान लगातार सफाई व सैनिटाइजेशन किया जाएगा। बाहरी लोगों के प्रवेश पर भी रोक रहेगी।
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने बताया कि सर्विलांस एरिया से प्रतिबंध टीम की रिपोर्ट के आधार पर हटाया जाएगा। संयुक्त टीम ने व्यवस्थाओं पर संतोष जताया है, जिसके बाद चरणबद्ध तरीके से स्थिति सामान्य की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!