

बिलासपुर। जिले के गनियारी स्थित जनस्वास्थ्य सहयोग अस्पताल में उस समय खास माहौल देखने को मिला, जब अंजलि तेंदुलकर अपने परिवार के सदस्यों सारा तेंदुलकर और सानिया अर्जुन तेंदुलकर के साथ यहां पहुंचीं। उन्होंने अस्पताल और ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित स्वास्थ्य कार्यक्रमों का अवलोकन किया।

दौरे के दौरान अतिथियों ने अचानकमार और बम्हनी गांव में चल रहे “फुलवारी” कार्यक्रम को करीब से देखा। इस कार्यक्रम के तहत ग्रामीण बच्चों और महिलाओं के स्वास्थ्य व पोषण पर विशेष ध्यान दिया जाता है। अंजलि तेंदुलकर ने बच्चों और ग्रामीणों के साथ समय बिताया और कार्यक्रम की सराहना की।

इसके बाद उन्होंने गनियारी स्थित जनस्वास्थ्य सहयोग अस्पताल का भी निरीक्षण किया। यह अस्पताल देशभर में अपनी सेवा भावना के लिए जाना जाता है, जहां विशेषज्ञ चिकित्सक निःशुल्क सेवाएं देते हैं और जटिल से जटिल बीमारियों का इलाज किया जाता है। दूर-दराज के ग्रामीण बड़ी संख्या में यहां उपचार के लिए पहुंचते हैं।
अस्पताल की कार्यप्रणाली, समर्पण और ग्रामीणों के प्रति सेवा भाव को देखकर तेंदुलकर परिवार ने इसकी खुलकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इस तरह की पहलें समाज के लिए बेहद प्रेरणादायक हैं और ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
जनस्वास्थ्य सहयोग की टीम ने अतिथियों को अस्पताल की विभिन्न सेवाओं और कार्यक्रमों की जानकारी दी। इस अवसर पर मौजूद डॉक्टरों और स्टाफ ने भी अपने अनुभव साझा किए।

