बिलासपुर: सरकंडा बना जाम का हॉटस्पॉट, डी-मार्ट के बाहर अव्यवस्था पर कलेक्टर सख्त—2.5 घंटे मौके पर डटे रहे अधिकारी


बिलासपुर। शहर का सरकंडा क्षेत्र इन दिनों ट्रैफिक जाम का सबसे बड़ा हॉटस्पॉट बन गया है। खराब प्लानिंग, अव्यवस्थित पार्किंग और अतिक्रमण के कारण हालात इतने बिगड़ गए कि कलेक्टर संजय अग्रवाल, नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे और ट्रैफिक एएसपी को खुद सड़क पर उतरकर व्यवस्था संभालनी पड़ी। अधिकारी शाम 6 बजे से रात 8:30 बजे तक मौके पर मौजूद रहे और जाम की स्थिति का जायजा लेते हुए तत्काल सुधारात्मक कदम उठाए।


डी-मार्ट के बाहर सबसे ज्यादा अव्यवस्था


निरीक्षण के दौरान डी-मार्ट के सामने हालात सबसे खराब पाए गए। यहां रोजाना 200-300 ग्राहकों की आवाजाही के बावजूद मात्र 50 वाहनों की पार्किंग व्यवस्था है, जिससे सड़क पर अनौपचारिक पार्किंग बढ़ गई है और मुख्य मार्ग संकरा हो गया है।
कलेक्टर ने कड़ी नाराजगी जताते हुए तत्काल सड़क खाली कराने और एक भी वाहन सड़क किनारे खड़ा न होने देने के निर्देश दिए।


एंट्री-एग्जिट सिस्टम फेल, बदली जाएगी व्यवस्था


डी-मार्ट में प्रवेश और निकासी की मौजूदा व्यवस्था को अव्यवस्थित पाया गया। कलेक्टर ने निर्देश दिया कि सामने से एंट्री और पीछे से एग्जिट की व्यवस्था लागू की जाए। हालांकि पीछे की संकरी सड़क और वहां लगने वाले जाम को देखते हुए प्रबंधन को ट्रैफिक फ्लो के अनुरूप नई योजना बनाने के निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण में यह भी सामने आया कि पीछे से निकलने वाले वाहन बहतराई चौक की ओर रॉन्ग साइड में जा रहे हैं या पटवारी प्रशिक्षण केंद्र के पीछे यू-टर्न ले रहे हैं, जिससे दबाव और बढ़ रहा है। इस पर ट्रैफिक एएसपी को अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने को कहा गया।


लेआउट और नक्शे की होगी जांच


कलेक्टर ने निगम कमिश्नर को डी-मार्ट के लेआउट और नक्शे की जांच करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि निर्माण में किसी प्रकार की गड़बड़ी पाई गई तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।


अतिक्रमण पर कार्रवाई, ठेले जब्त


कार्रवाई के दौरान नगर निगम की अतिक्रमण शाखा ने ट्रैफिक बाधित करने वाले 5 ठेले और 5 गन्ना जूस मशीन जब्त किए, जबकि 30 ठेलों को हटाया गया। अधिकारियों के पहुंचने से पहले ही यातायात पुलिस और निगम अमले ने सड़क किनारे खड़े वाहनों और ठेलों को हटाना शुरू कर दिया था।
मोड़ों पर भी दिक्कतें, ट्रांसफार्मर बने बाधा
खमतराई मोड़ पर ट्रांसफार्मर की वजह से लेफ्ट टर्न लेने में दिक्कत आ रही है। कलेक्टर ने बिजली विभाग को इसे शिफ्ट करने के निर्देश दिए हैं।
इसके अलावा आरके पेट्रोल पंप, वसंत विहार चौक और लिंगियाडीह क्षेत्र में भी ट्रैफिक सुधार के लिए जवान तैनात करने और अतिक्रमण हटाने के आदेश दिए गए हैं।
पूरे सरकंडा क्षेत्र में चलेगा अभियान
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि सरकंडा और सीपत रोड के पूरे इलाके में जहां-जहां ट्रैफिक बाधित हो रहा है, वहां मौके पर जाकर निरीक्षण कर कार्रवाई की जाएगी। अवैध कब्जों और बाधाओं को हटाकर ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त किया जाएगा।


शहर की सड़कें बनीं ‘प्रयोगशाला’


मन्नू चौक, जगलचौक और महाराणा प्रताप चौक समेत शहर के कई इलाकों में ट्रैफिक व्यवस्था इन दिनों प्रयोग की तरह चल रही है। कभी अचानक बैरिकेड लगाकर रास्ता बंद कर दिया जाता है, तो कुछ देर बाद खोल दिया जाता है। इससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
वाहन चालकों का कहना है कि बिना पूर्व सूचना के रास्ते बंद होने से उन्हें लंबा चक्कर लगाना पड़ता है। कई बार लोग गलत दिशा में घुस जाते हैं, जिससे जाम और बढ़ जाता है। व्यापारी भी इस व्यवस्था से परेशान हैं, क्योंकि ग्राहकों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। वहीं, स्कूल, ऑफिस जाने वाले लोगों और एंबुलेंस जैसी आपात सेवाओं को भी बाधाओं का सामना करना पड़ रहा है।
प्रशासन का दावा है कि जल्द ही ठोस और स्थायी व्यवस्था लागू कर सरकंडा समेत पूरे शहर की ट्रैफिक समस्या को नियंत्रित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!