

बिलासपुर। कलेक्टर जनदर्शन में मंगलवार 7 अप्रैल को एक गंभीर मामला सामने आया, जिसमें ग्रामीणों ने एक प्राथमिक शाला के प्रधान अध्यापक पर शराब पीकर स्कूल आने, दुर्व्यवहार करने और पढ़ाई में लापरवाही बरतने के आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों ने आरोपी प्रधान अध्यापक को तत्काल पद से हटाने की मांग की है।
कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर आयोजित जनदर्शन में नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे और एडीएम शिव कुमार बनर्जी ने आमजन की समस्याएं सुनीं। इस दौरान तखतपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत विजयपुर के ग्रामीण बड़ी संख्या में पहुंचे और प्राथमिक शाला विजयपुर के प्रधान अध्यापक भरत ध्रुव के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
ग्रामीणों का आरोप है कि प्रधान अध्यापक अक्सर शराब के नशे में स्कूल पहुंचते हैं और वहां दुर्व्यवहार करते हैं। इसके अलावा वे बच्चों को पढ़ाने में भी गंभीर लापरवाही बरत रहे हैं, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि इस संबंध में पूर्व में भी शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों ने जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) को जांच कर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
