
शशि मिश्रा
बिलासपुर। कोर्ट में जेल वारंट जारी होते ही रसूखदार क्रिकेट सटोरिए की अचानक तबियत खराब गई। उसे इलाज के लिए सिम्स में भर्ती कराया गया है। 5 अप्रैल की रात मुखबिर की सूचना पर कोतवाली पुलिस ने जूना बिलासपुर से मोबाइल के माध्यम से आनलाइन आईपीएल मैच में क्रिकेट सट्टा खिलाते हुए दीपक भक्तानी व विशाल विधानी को पकड़ा था। उनके पास से 1 लाख 10 हजार रुपए नकद, स्कूटी क्रमांक सीजी 10 बीएल 2191, मोबाइल जब्त किया गया था। 6 अप्रैल को पुलिस ने दोनों सटोरियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। कोर्ट से दोनों सटोरियों को जेल भेजने का वारंट जारी किया गया। उसके बाद आरोपी विशाल की अचानक तबियत खराब हो गई। उसे इलाज के लिए सिम्स लेकर गए जहां आरोपी की सुरक्षा में पुलिस बल तैनात किया गया। वहीं दूसरे सटोरिया दीपक भक्तानी को जेल भेज दिया गया है।
कोतवाली टीआई देवेश सिंह ने बताया कि जेल वारंट जारी होने के बाद आरोपी विशाल के सीने में दर्द होने लगा। उसे इलाज के लिए सिम्स ले जाया गया। डाक्टरों के द्वारा उसका इजीसी किया गया। गड़बड़ी पाए जाने पर उसे इलाज के लिए भर्ती किया गया है।
आरोपी की सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
