
शशि मिश्रा

रेल मंडल बिलासपुर के तहत बिलासपुर कटनी सेक्शन के बीच किसी असामाजिक तत्वों ने रेलवे ट्रैक पर पत्थर रखकर ट्रेन को गिराने की कोशिश की, जिसकी सूचना पर आरपीएफ और संबंधित विभाग की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर कोशिश को नाकाम कर दिया।
जानकारी के अनुसार बिलासपुर-कटनी सेक्शन के अंतर्गत अमलाई से बुढ़ार के बीच तीन लाइन बनी हुई है। इसमें दोपहर को दुर्ग निजामुद्दीन संपर्कक्रांति, हमसफर, गरीब रथ, उत्कल सहित अन्य ट्रेनों का परिचालन होता है। प्रतिदिन की तरह मंगलवार की दोपहर 12536 रायपुर-लखनऊ गरीबरथ उसलापुर से कटनी की ओर रवाना की गई थी। इस दौरान अमलाई और बुढ़ार के बीच ट्रेन शाम को 17.20 बजे पहुंची, जिसके स्टापेज के बाद रवाना होने का समय 17.45 बजे निर्धारित था। इसी बीच ट्रेन मैनेजर को सूचना मिली अमलाई-बुढ़ार के बीच किलोमीटर 883/27-30 के अप लाइन पर रेलवे ट्रैक में किसी ने ट्रेन को दुर्घटना करने के लिए बैलास्ट के टुकड़े रख दिए हैं। सूचना मिलते ही ट्रेन मैनेजर ने तत्काल ट्रेन को नियंत्रित कर दिया। इसके उपरांत अमलाई पीडब्लूआई और आरपीएफ स्टाफ को सूचित किया गया।
जानकारी लगते ही ड्यूटी पर मौजूद टीए और इंजीनियरिंग स्टाफ ने मौके पर पहुंचकर तत्काल रेलवे ट्रैक पर पड़े बैलास्ट को हटाकर शाम 17.43 बजे ट्रेन रवाना करने ग्रीन सिग्नल दिया। इस संबंध में रेल अफसरों ने बताया कि किसी ने बदमाशी करने के लिए बैलास्ट को रेलवे ट्रैक पर रख दिया होगा। इसमें किसी तरह की कोई भी ट्रेन दुर्घटना नहीं हुई है।
